Dhaara News

सरकारी अस्पताल में ड्यूटी के दौरान शराब पार्टी का वीडियो वायरल, दो कर्मचारियों पर गिरी गाज

सूरजपुर :  छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लटोरी में ड्यूटी के दौरान अस्पताल के एक कमरे में शराब और चिकन पार्टी करने का आरोप लगा है।इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा को निलंबित कर दिया है।

वीडियो सामने आने के बाद विभाग ने लिया एक्शन

मामला सामने आने के बाद सूरजपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कपिल देव पैकरा ने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि मामले में विभागीय जांच और आगे की कार्रवाई भी जारी रहेगी।स्वास्थ्य विभाग ने ड्यूटी के दौरान इस तरह की लापरवाही को गंभीर अनुशासनहीनता माना है।

अस्पताल के कमरे में चल रही थी पार्टी

जानकारी के अनुसार यह घटना मंगलवार 21 जुलाई की बताई जा रही है। आरोप है कि फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा अपने कुछ साथियों के साथ अस्पताल परिसर के एक कमरे में शराब और चिकन पार्टी कर रहे थे।इसी दौरान कुछ लोगों ने उनका वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला अधिकारियों तक पहुंचा।

टेबल पर दिखी शराब, चिकन और सिगरेट

वायरल वीडियो में फार्मासिस्ट और वार्ड बॉय समेत चार लोग कमरे में बैठे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में टेबल पर डिस्पोजल गिलास, शराब, चिकन और सिगरेट का पैकेट नजर आ रहा है।वीडियो बनाने वाले लोगों के सवाल करने पर कमरे में मौजूद लोग धीरे धीरे बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं।

ग्रामीणों ने जताई नाराजगी, सख्त कार्रवाई की मांग

घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर ड्यूटी के समय शराब पार्टी करना मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति गंभीर लापरवाही है।ग्रामीणों ने दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी मामले की जांच आगे बढ़ाने की बात कही है।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment