Dhaara News

दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना, वायु गुणवत्ता में भी सुधार

दिल्ली में बारिश के चलते गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। सोमवार सुबह से ही राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज बारिश हो रही है, जिससे मौसम सुहाना हो गया है। कई स्थानों पर भारी जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली, लेकिन लोगों ने राहत की सांस ली क्योंकि तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पहले ही आज के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया था। विभाग के मुताबिक, दिल्ली-NCR में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे और बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

रविवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा था। बीते 24 घंटों में हवा में नमी का स्तर 69% तक पहुंचा, जो आज सुबह और बढ़ गया है। 8 से 12 जुलाई के बीच भी हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान तापमान 32 से 35 डिग्री के बीच बना रहेगा।

बारिश का एक और सकारात्मक असर यह हुआ कि दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में बड़ा सुधार देखा गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सोमवार सुबह 6:30 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 85 दर्ज किया गया।

dhaaranews
Author: dhaaranews

Leave a Comment