Dhaara News

देर रात शराब दुकान के बाहर ऐसा क्या हुआ कि एक विवाद ने ले लिया खतरनाक मोड़, पेट में गोली लगते ही मची अफरा-तफरी

रायगढ़। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में रविवार देर रात एक विवाद अचानक हिंसक हो गया। दुकान में तैनात एक निजी सुरक्षाकर्मी को अज्ञात युवक ने गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

घटना 17 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। उस समय ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के माध्यम से सुरक्षाकर्मी के रूप में तैनात 43 वर्षीय चन्द्रशेखर पटेल अपनी ड्यूटी पर मौजूद था।

पहले गाली-गलौज और धमकी, फिर अचानक चली गोली

घायल सुरक्षाकर्मी ने पुलिस को बताया कि एक अज्ञात युवक शराब दुकान के सामने पहुंचा और उसके दोस्त के साथ हुई मारपीट की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर युवक ने जान से मारने की धमकी दी और कुछ ही देर में गोली चला दी।

गोली सीधे सुरक्षाकर्मी के पेट में लगी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद चन्द्रशेखर पटेल किसी तरह आहाता के पीछे पहुंचा और वहां छिपकर अपने साथियों तथा डायल 112 को घटना की जानकारी दी।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम

फायरिंग की सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव और साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक अपनी टीमों के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों के सहारे आरोपी तक पहुंचने की कोशिश

घायल गार्ड की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 206/2026 दर्ज किया है। आरोपी पर धारा 296, 351(3) और 109(1) बीएनएस के तहत हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई है।

फिलहाल पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। साथ ही मुखबिरों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि गोली चलाने वाले युवक की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment