Dhaara News

विश्व आदिवासी दिवस पर रविवार को रिसाली भिलाई में अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी व सम्मान समारोह

अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक विकास पर होगा मंथन; समाज की प्रतिभाओं का होगा सम्मान

 

भिलाई। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त 2026 को आदिवासी मंडल, भिलाई-दुर्ग के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में आदिवासी समाज के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक एवं आर्थिक विकास, संवैधानिक अधिकारों तथा संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-मंथन होगा।

आयोजन की शुरुआत सुबह 10 बजे सेक्टर-1 स्थित बिजली ऑफिस के पास शारदा मंदिर से सांस्कृतिक यात्रा (रैली) के साथ होगी। इसके बाद रैली रिसाली क्षेत्र से होते हुए दशहरा मैदान, रिसाली पहुंचेगी, जहां दोपहर 2 बजे सांस्कृतिक यात्रा का समापन तथा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

आदिवासी समाज की समस्याओं पर होगी चर्चा

आयोजकों के अनुसार विश्व आदिवासी दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की वर्तमान सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक स्थिति पर गंभीरता से विचार करने का अवसर है। संगोष्ठी में गरीबी, अशिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, बेरोजगारी, सामाजिक अधिकारों के हनन तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

इसके साथ ही आदिवासी समाज की नई पीढ़ी को संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने, युवाओं को शिक्षा और रोजगार से जोड़ने तथा महिलाओं की सामाजिक एवं आर्थिक भागीदारी बढ़ाने पर भी वक्ताओं द्वारा विचार रखे जाएंगे।

नागपुर के इंजीनियर सतीश पेंड्राम होंगे मुख्य वक्ता

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल के एमडी इंजीनियर भीम सिंह कंवर होंगे। वहीं बिरसा ब्रिगेड प्रमुख, नागपुर के इंजीनियर सतीश पेंड्राम मुख्य वक्ता के रूप में समाज को संबोधित करेंगे। वे आदिवासी समाज के इतिहास, अधिकारों, सामाजिक चुनौतियों और वर्तमान परिस्थितियों पर अपने विचार रखेंगे।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आदिवासी समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों की मौजूदगी रहेगी।

आदिवासी मंडल के प्रमुख पदाधिकारी

आयोजन की जिम्मेदारी आदिवासी मंडल भिलाई-दुर्ग के पदाधिकारियों के नेतृत्व में है। मंडल में अध्यक्ष गीतालाल मंडावी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामजी ठाकुर, उपाध्यक्ष शांतनु मरकाम, उपाध्यक्ष लाल सिंह उडके, महासचिव देवेंद्र दीवान, सचिव शोभराय ठाकुर, सहसचिव वेद प्रकाश मंडावी, सह सचिव सुरेन्द्रनाथ एक्का, कोषाध्यक्ष भोज धुर्वे तथा उपकोषाध्यक्ष अचल सिंह बामन प्रमुख पदाधिकारी हैं।

महिला प्रकोष्ठ में अध्यक्ष नमिता ठाकुर, उपाध्यक्ष खिलेश्वरी धनेन्द्र, उपाध्यक्ष अनुसुइया मरकाम, सचिव कौशिल्या चंद्रवंशी, सहसचिव मधु प्रभाकर, कोषाध्यक्ष कुमुद मंडावी और उपकोषाध्यक्ष गीतांजली जयसिंधु सहित पदाधिकारी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

वहीं युवा प्रकोष्ठ में अध्यक्ष भानुप्रताप चुरेंद्र, उपाध्यक्ष किशन मरकाम, उपाध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर और सचिव राजा ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी आयोजन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

समाज की प्रतिभाओं का होगा सम्मान

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाज के लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। शिक्षा, सामाजिक सेवा, प्रशासन, स्वास्थ्य, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मान देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।

आयोजकों ने कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, भाषा, परंपरा और पहचान को सुरक्षित रखते हुए विकास की मुख्यधारा में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से कार्यक्रम में अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, महिलाएं और विभिन्न आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधि एक मंच पर जुटेंगे।

आयोजकों ने सर्वसमाज के लोगों से भी कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment