Dhaara News

उतई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नहीं मिल रही रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवाएं, ग्रामीणों की उठी मांग

उतई (दुर्ग)। उतई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कमी से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि रात में अचानक तबीयत बिगड़ने या डिलीवरी जैसी आपातकालीन स्थिति में उन्हें प्राइवेट अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ जाता है।

स्थानीय ग्रामीणों ने इस समस्या को गंभीर मानते हुए विधायक ललित चंद्राकर से गुहार लगाई है कि स्वास्थ्य केंद्र में रात की पाली में डॉक्टरों की नियुक्ति करवाई जाए, ताकि उन्हें समय पर सरकारी चिकित्सा सुविधा मिल सके।

जब इस विषय में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतई के प्रभारी डॉ. गोलन से बात की गई, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि, “फिलहाल प्रसूति विभाग में कोई डॉक्टर रात्रिकालीन ड्यूटी पर मौजूद नहीं होता। इसी वजह से गंभीर मामलों में मरीजों को दुर्ग जिला अस्पताल रेफर करना पड़ता है।”

ग्रामीणों ने बताया कि कई बार रास्ते में ही मरीजों की स्थिति बिगड़ जाती है या देर हो जाने से समय पर इलाज नहीं मिल पाता। इससे आम जनता के बीच सरकारी स्वास्थ्य तंत्र पर भरोसा कमजोर होता जा रहा है।

उतई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैसी महत्त्वपूर्ण स्वास्थ्य इकाई में रात्रिकालीन सेवाएं न मिलना स्वास्थ्य विभाग की गंभीर लापरवाही मानी जा रही है। क्षेत्रवासियों की मांग है कि सरकार इस दिशा में तत्काल कदम उठाए और डॉक्टरों की नियमित रात्रिकालीन ड्यूटी सुनिश्चित की जाए।

dhaaranews
Author: dhaaranews

Leave a Comment