Dhaara News

जनता के बीच पहुंची जिला पंचायत सदस्य आशा विक्की मिश्रा: आलबरस में आवास हितग्राहियों की जांच, शिक्षा की कमजोरी पर चिंता जताई

दुर्ग जिले के ग्राम पंचायत आलबरस (विकासखंड दुर्ग) में आज एक सकारात्मक और जन-उन्मुख कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिला पंचायत सदस्य (क्षेत्र क्रमांक 7) श्रीमती आशा विक्की मिश्रा जी ने ग्राम का दौरा किया और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया।
यह दौरा ग्रामवासियों की प्रमुख समस्याओं को समझने और उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में सर्वप्रथम आवास योजनाओं (प्रधानमंत्री आवास योजना सहित) पर विस्तृत चर्चा हुई। श्रीमती मिश्रा जी ने गांव की गलियों और घरों में जाकर व्यक्तिगत निरीक्षण किया, जिसमें वास्तविक जांच में 300 से अधिक हितग्राहियों को पात्र पाया गया। उन्होंने पंचायत सचिव से ग्रामीणों की आवास संबंधी आवश्यकताओं को प्राथमिकता से लेने कहा।
इसके बाद, श्रीमती मिश्रा ने ग्राम के प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूलों का भी दौरा किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षा की स्थिति में कमजोरी और शिक्षकों की कमी सामने आई। बच्चों से बातचीत में गणित और विज्ञान जैसे विषयों में कठिनाइयों का पता चला, तथा बच्चों ने शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ाने की मांग की। श्रीमती जी ने इस मुद्दे पर त्वरित ध्यान देने और आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का वादा किया।
यह कार्यक्रम क्षेत्र में अपनी तरह का पहला ऐसा प्रयास था, जिसमें जनप्रतिनिधि ने चुनाव जीतने के बाद तुरंत ग्राम स्तर पर पहुंचकर जनसंपर्क किया। ग्रामीणों में खुशी और उत्साह का माहौल था। लोगों ने खुले मन से कहा कि यह पहली बार है जब कोई प्रतिनिधि चुनाव के बाद इतनी सक्रियता से मिलने और समस्याओं को सुनने आई है।
कार्यक्रम में जयंत देशमुख, टिकेश्वरी देशमुख, ग्राम पंचायत सचिव इंद्रजीत महिलांगे, उपसरपंच नंदूराम देशमुख, पंच दिलीप चंदेल, रमशिला निषाद, बल्दीन ठाकुर, सरोज देशमुख, वंदना रामटेके, अंजू निर्मलकर, रेणुका देशमुख, पूर्णिमा नेताम, श्वेता हरमुख, दुर्गेश्वरी, कौशील्या गायकवाड़, कुमारी, एमन्त देशमुख, मुकुंद देशमुख, शैलेन्द्र राजा देशमुख, योगेश्वर देशमुख, लेखराम, सोमनाथ, अलख यादव, भीम शाला समिति अध्यक्ष भीखम देशमुख, दानेश्वर, भुवन पारकर, पुराणिक लाल, सुरेश रामटेके, हितेंद्र, खिलावन चंदेल सहित ग्राम के लगभग 250 से अधिक लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
श्रीमती आशा विक्की मिश्रा जी के इस सक्रिय और संवेदनशील दृष्टिकोण से ग्रामीण क्षेत्र में विकास कार्यों और जन कल्याण की नई उम्मीद जगी है। ग्रामवासियों ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे संवाद की अपेक्षा जताई।

dhaaranews
Author: dhaaranews

Leave a Comment