Dhaara News

छत्तीसगढ़ शिक्षक भर्ती में व्यायाम शिक्षकों के पद समाप्त करने का आरोप, संघ ने जताया विरोध

 

दुर्ग, 30 जुलाई। छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर व्यायाम शिक्षकों में नाराजगी बढ़ती दिखाई दे रही है। गुरुवार को दुर्ग स्थित भाजपा कार्यालय में छत्तीसगढ़ शारीरिक शिक्षा व्यायाम शिक्षक संघ की आपातकालीन बैठक आयोजित की गई, जिसमें संघ ने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग ने शिक्षक भर्ती में स्वीकृत व्यायाम शिक्षकों के पदों को समाप्त (लैप्स) कर उनकी जगह अंग्रेजी विषय के पद जोड़ दिए हैं।

संघ के पदाधिकारियों ने इसे प्रदेश के खेल और शारीरिक शिक्षा के लिए गंभीर नुकसान बताते हुए कहा कि यह फैसला हजारों प्रशिक्षित व्यायाम शिक्षकों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाला है। उनका कहना है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में शारीरिक शिक्षा को विद्यार्थियों के समग्र विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा माना गया है, ऐसे में व्यायाम शिक्षकों के पदों को हटाना छात्रों के शारीरिक एवं मानसिक विकास की उपेक्षा है।

बैठक में उपस्थित शिक्षकों ने दावा किया कि प्रदेश के अनेक योग्य अभ्यर्थी लंबे समय से भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ऐसे में बिना पूर्व सूचना या स्पष्ट कारण बताए व्यायाम शिक्षकों के पदों को समाप्त कर अन्य विषयों में समायोजित करना उनके अधिकारों के साथ अन्याय है

संघ ने मीडिया से इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की अपील करते हुए कहा कि यदि शासन व्यायाम शिक्षकों के पदों को पुनः बहाल नहीं करता है, तो संगठन प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा। संघ का कहना है कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

हालांकि, इस संबंध में शिक्षा विभाग या राज्य शासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment