Dhaara News

निकुम ग्राम सभा में हंगामा: पेड़ कटाई और राइस मिल एनओसी पर ग्रामीणों का विरोध, बैठक रही बाधित

 

(विशेष संवाददाता दिलीप साहू)।

निकुम, दुर्ग। विकासखंड दुर्ग के ग्राम पंचायत निकुम में गुरुवार को आयोजित जीडीपी बैठक के दौरान ग्राम सभा उस समय हंगामे की भेंट चढ़ गई, जब डगनिया तालाब भाटापारा क्षेत्र में हुई पेड़ कटाई तथा प्रस्तावित नए राइस मिल को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) दिए जाने का मामला उठाया गया। पूर्व जनपद सदस्य रूपेश देशमुख सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इन दोनों विषयों पर सरपंच के निर्णय का विरोध करते हुए ग्राम सभा में जमकर आपत्ति दर्ज कराई।

ग्रामीणों का आरोप था कि लाखों रुपये मूल्य के हरे-भरे पेड़ों की कटाई बिना सक्षम अधिकारियों की अनुमति के कर दी गई। उनका कहना है कि इस संबंध में न तो एसडीएम और न ही वन विभाग से आवश्यक अनुमति ली गई तथा बिना ग्राम सभा के प्रस्ताव और नीलामी प्रक्रिया के पेड़ों को गुपचुप तरीके से बेच दिया गया।

ग्राम सभा में पूर्व जनपद सदस्य रूपेश देशमुख ने सरपंच भागवत पटेल से सवाल करते हुए कहा कि निकुम मुक्तिधाम में लाइट पोल लगाने के नाम पर भी पेड़ काट दिए गए, लेकिन आज तक वहां लाइट पोल नहीं लगाए गए। उन्होंने इसे गंभीर अनियमितता बताते हुए कहा कि इस पूरे मामले की शिकायत दुर्ग कलेक्टर, वन विभाग तथा अन्य संबंधित अधिकारियों से ग्रामीणों के साथ मिलकर की जाएगी।

बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने यह भी विरोध जताया कि प्रस्तावित नए राइस मिल को एनओसी देने जैसे महत्वपूर्ण विषय पर ग्राम सभा में पहले विस्तृत चर्चा नहीं कराई गई। उनका कहना था कि ऐसे मामलों में सभी ग्रामीणों की राय लेना आवश्यक है और सर्वसम्मति के बाद ही कोई निर्णय लिया जाना चाहिए।

विरोध लगातार बढ़ने से ग्राम सभा का माहौल तनावपूर्ण हो गया और काफी देर तक हंगामा चलता रहा। स्थिति ऐसी बनी कि बैठक की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी और ग्राम सभा बाधित हो गई।

वहीं, सरपंच भागवत पटेल ने अपने पक्ष में कहा कि उन्होंने ग्राम पंचायत का प्रस्ताव लिया है। हालांकि उनके इस जवाब से ग्रामीण संतुष्ट नहीं दिखे और बैठक के बाद भी लोगों में नाराजगी बनी रही।

ग्रामीणों ने मांग की है कि पेड़ कटाई और राइस मिल एनओसी से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। अब यह मामला प्रशासन के समक्ष पहुंचने की संभावना है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment