Chhattisgarh Fertility Rate: छत्तीसगढ़ में लगातार गिर रही प्रजनन दर को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने चिंता जाहिर की है। मनेंद्रगढ़ जिले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश की कुल प्रजनन दर राष्ट्रीय स्तर के औसत से नीचे पहुंच गई है। मंत्री ने इच्छा जताई कि राज्य की प्रजनन दर फिर से राष्ट्रीय औसत के बराबर होनी चाहिए।
राष्ट्रीय औसत 2.2, छत्तीसगढ़ में दर 1.8
कार्यक्रम में लोगों से बातचीत के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि देश की प्रजनन दर 2.2 है, जबकि छत्तीसगढ़ में यह घटकर 1.8 रह गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में परिवारों में तीन से चार बच्चे होने पर भी कोई परेशानी नहीं है। उनका मानना है कि राज्य की प्रजनन दर कम से कम राष्ट्रीय औसत के स्तर तक पहुंचनी चाहिए।
नसबंदी के लिए किसी पर दबाव नहीं: मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री ने नसबंदी को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की ओर से किसी को नसबंदी कराने के लिए प्रलोभन या लालच नहीं दिया जा रहा है। जो लोग अपनी इच्छा से नसबंदी कराना चाहते हैं, सरकार उन्हें केवल इसकी सुविधा उपलब्ध कराएगी। किसी पर भी इसके लिए दबाव नहीं बनाया जाएगा।
NFHS-5 के आंकड़ों में भी दर्ज है गिरावट
राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS-5) के सरकारी आंकड़ों के अनुसार, छत्तीसगढ़ की कुल प्रजनन दर 1.8 दर्ज की गई थी। ग्रामीण क्षेत्रों में यह आंकड़ा 1.4, जबकि शहरी इलाकों में 1.9 रहा। प्रजनन दर में होने वाला बदलाव राज्य की जनसंख्या की स्थिति और भविष्य की आबादी के आकलन को प्रभावित करता है।
क्या होती है फर्टिलिटी रेट?
कुल प्रजनन दर यानी टोटल फर्टिलिटी रेट (TFR) से आशय उस औसत संख्या से है, जितने बच्चों को एक महिला अपने प्रजनन काल के दौरान जन्म देती है। आम तौर पर इसकी गणना 15 से 49 वर्ष की आयु के आधार पर की जाती है। यह किसी देश या राज्य में जनसंख्या वृद्धि और जनसांख्यिकीय बदलाव को समझने का अहम पैमाना है।








