दुर्ग। प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता ताम्रध्वज साहू ने केंद्र और राज्य सरकार पर विपक्ष की आवाज़ दबाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की सबसे बड़ी जिम्मेदारी जनता के मुद्दों को मजबूती से सरकार तक पहुंचाना और जवाबदेही तय कराना है, लेकिन सरकार सवालों का जवाब देने के बजाय आवाज़ उठाने वालों को दबाने का प्रयास कर रही है।
जारी बयान में ताम्रध्वज साहू ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार युवाओं, छात्रों और आम जनता के मुद्दों को सड़क से लेकर संसद तक उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि सरकार जनहित के सवालों से बचने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आवाज़ दबाने से सवाल खत्म नहीं होते। देश का युवा न्याय और जवाब मांग रहा है तथा कांग्रेस जनता की आवाज़ बनकर उनके मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।
ताम्रध्वज साहू ने महंगाई, बेरोज़गारी, पेपर लीक और छात्रों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन मुद्दों पर सरकार मौन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन सभी जनसरोकारों के मुद्दों पर जनता के साथ खड़ी है और सदन के भीतर तथा बाहर अपना संघर्ष जारी रखेगी।








