दुर्ग। थाना पदमनाभपुर पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी शराब और बिक्री की नगदी रकम बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को थाना पदमनाभपुर में पदस्थ उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह जुर्म-जरायम की पतासाजी के दौरान नगर भ्रमण पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 80 फीट रोड स्थित टाऊन-टाऊन डेली नीड्स दुकान में एक महिला अवैध रूप से देशी शराब बेच रही है।
सूचना के आधार पर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए पुलिस टीम ने गवाहों की उपस्थिति में दुकान पर दबिश दी। मौके से यामिनी सिन्हा (37 वर्ष), पति प्रमोद कुमार बघेल, निवासी सरस्वती कुंज वेस्ट, 80 फीट रोड, थाना पदमनाभपुर को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान एक प्लास्टिक की बाल्टी से 20 पौवा देशी प्लेन मदिरा तथा 20 पौवा सवा शेरा मसाला देशी मदिरा (प्रत्येक 180 मिलीलीटर) कुल 7.200 बल्क लीटर शराब बरामद की गई। इसके अलावा शराब बिक्री से संबंधित 11,050 रुपये नकद भी जब्त किए गए। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 14,650 रुपये बताई गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी महिला शराब रखने एवं बेचने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर महिला को विधिवत गिरफ्तार किया तथा न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की।
पदमनाभपुर पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।








