बालोद/गुण्डरदेही। गुण्डरदेही विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुंवर सिंह निषाद की पहल का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उनके द्वारा अंतागढ़–रायपुर पैसेंजर ट्रेन में लगातार हो रही भीड़, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों एवं महिलाओं को हो रही असुविधा तथा गुण्डरदेही रेलवे स्टेशन पर यात्रियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला रेलवे प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया था।
विधायक द्वारा 23 मई 2026 को भेजे गए शिकायत पत्र पर कार्रवाई करते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल ने पूरे मामले की जांच की। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने स्वीकार किया कि ट्रेन क्रमांक 78816 में प्रतिदिन अत्यधिक भीड़ के कारण यात्रियों को परेशानी हो रही थी।
रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्यालय द्वारा 16 जुलाई 2026 को जारी पत्र में बताया गया है कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में कोचों की संख्या 8 से बढ़ाकर 12 कर दी गई है, जिससे अब यात्रियों को यात्रा के दौरान अधिक राहत और सुविधा मिलेगी।
इतना ही नहीं, रेलवे प्रशासन ने गुण्डरदेही स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारियों को भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे यात्रियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ शालीन व्यवहार करें तथा भविष्य में किसी प्रकार की शिकायत मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अतिरिक्त कोच जुड़ने से हजारों दैनिक यात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र की अन्य जनसमस्याओं को भी इसी तरह मजबूती से संबंधित विभागों के समक्ष उठाते रहेंगे
रेलवे प्रशासन की इस कार्रवाई को विधायक कुंवर सिंह निषाद की पहल की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को लंबे समय से चली आ रही भीड़ और अव्यवस्था से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।








