Dhaara News

रायपुर में बंद फैक्ट्री में 17 लाख की डकैती का खुलासा, चौकीदार को बांधकर लूटपाट करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। हीरापुर स्थित अमरनाथ इस्पात की बंद फैक्ट्री में चौकीदार को रस्सी से बांधकर डकैती करने के मामले में रायपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले करीब एक सप्ताह तक फैक्ट्री की रेकी की थी। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया सामान और वारदात में इस्तेमाल चारपहिया व दोपहिया वाहन सहित करीब 17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामले में शामिल अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

चौकीदार को बंधक बनाकर फैक्ट्री में घुसे आरोपी

पुलिस के मुताबिक, घटना 22 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे की है। अमरनाथ इस्पात की फैक्ट्री वर्ष 2020 से बंद है। यहां दिलीप कुमार वर्मा चौकीदार के रूप में तैनात हैं। वारदात वाली रात वे फैक्ट्री के कार्यालय के पोर्च में बैठे थे। इसी दौरान बाउंड्रीवाल के अंधेरे हिस्से से एक व्यक्ति अंदर आता दिखाई दिया।

चौकीदार ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इसी बीच मुंह पर कपड़ा बांधे सात से आठ अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। आरोपियों ने चौकीदार को पकड़ लिया और विरोध करने पर उसके दोनों हाथ पीछे की ओर रस्सी से बांध दिए।

एल्युमिनियम और कॉपर समेत कीमती सामान लूटा

चौकीदार को बंधक बनाने के बाद आरोपी फैक्ट्री के कार्यालय में घुस गए। वहां से एल्युमिनियम वायर के बंडल, एल्युमिनियम और कॉपर के सामान, प्लेट, हैलोजन लाइट, नकदी, पैनल कार्ड और कॉपर क्वाइल समेत अन्य कीमती वस्तुएं समेट लीं।

लूटे गए सामान को टाटा एस वाहन में लादने के बाद आरोपी फैक्ट्री की साइड की दीवार तोड़कर खेतों के रास्ते रिंग रोड की ओर फरार हो गए। घटना के बाद चौकीदार की शिकायत पर कबीर नगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 217/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2) और 310(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

हजारों CCTV फुटेज की जांच के बाद मिली सफलता

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त अपराध एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र रॉबिन्सन गुरिया की निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई।

जांच टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। आरोपियों के संभावित आने-जाने वाले रास्तों पर लगे हजारों कैमरों के फुटेज की पड़ताल की गई। इसके साथ ही मुखबिरों से मिली जानकारी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को सरोना निवासी संदीप नेताम के बारे में अहम जानकारी मिली। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने अजीत भारती और उमेंद्र ठाकुर उर्फ उमेन को भी गिरफ्तार कर लिया।

टाटा एस और स्कूटी से पहुंचे थे आरोपी

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने बंद फैक्ट्री को निशाना बनाने के लिए पहले से योजना तैयार की थी। वे करीब एक सप्ताह तक फैक्ट्री की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रहे थे। वारदात की रात आरोपी टाटा एस वाहन और स्कूटी से मौके पर पहुंचे थे।

चौकीदार को काबू में करने के बाद उन्होंने फैक्ट्री से कीमती सामान निकाला और उसे वाहन में भरकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान बरामद करने के साथ वारदात में इस्तेमाल उपकरण भी जब्त किए हैं।

17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एल्युमिनियम वायर, एल्युमिनियम और कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, पैनल कार्ड और कॉपर क्वाइल समेत अन्य सामग्री बरामद की है।

इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल कटर मशीन, ड्रिल मशीन, टाटा एस वाहन और स्कूटी भी जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 17 लाख रुपये है।

गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है।

  • संदीप नेताम, उम्र 35 वर्ष, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, सरोना।
  • अजीत भारती, उम्र 30 वर्ष, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, सरोना।
  • उमेंद्र ठाकुर उर्फ उमेन, उम्र 27 वर्ष, निवासी देवारपारा, सुभाषनगर।

पुलिस के अनुसार, संदीप नेताम पहले गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में चोरी और मारपीट के मामले में जेल जा चुका है। उमेंद्र ठाकुर का नाम टिकरापारा थाना क्षेत्र के नकबजनी के मामले में सामने आया था, जबकि अजीत भारती डीडी नगर थाना क्षेत्र में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत जेल जा चुका है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अब इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि डकैती में कितने लोग शामिल थे और लूटे गए सामान को ठिकाने लगाने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।

एंटी क्राइम यूनिट की कार्रवाई में करोड़ों की संपत्ति जब्त

पुलिस के मुताबिक, रायपुर कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट अब तक चोरी, नकबजनी, छीनाझपटी, लूट और डकैती से जुड़े 150 मामलों में 237 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इन कार्रवाइयों के दौरान कुल 4 करोड़ 66 लाख 25 हजार 100 रुपये की संपत्ति जब्त किए जाने की जानकारी दी गई है।

Dhaara News
Author: Dhaara News

Leave a Comment